बाप-बेटे ने मिलकर की थी शुभम की हत्या
रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। गांव रामपुर में एक हफ्ते पूर्व हुई शुभम की हत्या गांव की युवती के साथ प्रेम संबंधों को लेकर की गई थी। युवती के पिता-भाई ने ही एक साथी के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा कर दिया है।
रतनपुरी थाना परिसर में शनिवार को प्रेसवार्ता करते हुए सीओ बुढ़ाना गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने घटना के खुलासे की जानकारी दी। बताया कि क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी शुभम पुत्र प्रमोद कुमार 14 अगस्त को लापता हो गया था। 16 अगस्त को शुभम का शव गांव के ही प्रभुदयाल के खेत में पेड़ के नीचे पड़ा मिला था। उसके गले में फांसी का फंदा लगा हुआ था। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से ग्राम के ही राजन व सावन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में शुभम की हत्या का खुलासा किया। सीओ ने बताया कि शुभम का एक युवती से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। इससे खफा होकर राजन व उसके पिता राजकुमार ने गांव के ही सावन के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया। साजिश के तहत सावन 14 अगस्त को शुभम को बहाने से राजन की ट्यूबवेल पर ले गया। वहां पहले से छिपकर बैठे राजन व उसके पिता राजकुमार ने शुभम को पकड़कर पहले जबरन उसके मुंह में कीटनाशक डाल दिया। इसके बाद गला दबाकर हत्या करने के बाद शुभम के शव को ट्यूबवेल के कमरे में बंद कर घर लौट गए। देर रात आरोपी फिर से ट्यूबवेल पर पहुंचे और शव को वहां से ले जाकर प्रभुदयाल के खेत पर ले जाकर उसके शव को चुन्नी से बांधकर पेड़ पर लटका दिया। सीओ ने बताया कि राजन व सावन को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है, जबकि राजकुमार फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया गया है।