गांव मांडला निवासी साकर का बृहस्पतिवार को गड्ढे में दबा मिला था शव
पति आसिया ने प्रेमी देवर सुहेल के साथ मिलकर की थी साकर की हत्या
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को दोनों आरोपियों को जेल भेजा दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरकाजी। पिता साकर की हत्या के मामले में मां आसिया के जेल चले जाने पर उनके तीनों मासूम बच्चे बेसहारा हो गए हैं। शुक्रवार को तीनों बच्चे गुमसुम दिखाई दिए। अब तीनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी साकर के भाई और भाभी पर आ गई है।
गांव मांडला निवासी महिला आसिया का अपने सौतेले देवर सुहेल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पांच जून की रात पति साकर ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। इस पर दंपती में झगड़ा हुआ था। छह जून को साकर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। उसके भतीजे असलम ने पुरकाजी थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बुधवार की रात भी परिजनों ने आसिया और सुहेल को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था। तब पिटाई करने पर दोनों ने साकर की हत्या कर शव निर्माणाधीन मकान में गड्ढा खोदकर दबा देने की जानकारी दी थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद साकर के तीन बच्चे बेसहारा हो गए है। 12 वर्षीय पुत्र जैद और फैज जुड़वा हैं। दोनों गांव के ही स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ते हैं। पांच वर्षीय पुत्री जिकरा पहली कक्षा की छात्रा हैं। अब तीनों बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी साकर के भाई इंतजार और भाभी आसमां पर आ गई है। दोनों बच्चों के मौसा-मौसी भी लगते है। कहना है कि हम तीनों बच्चों को अपने बच्चों से भी ज्यादा प्यार देकर पालन पोषण करेंगे।
हत्यारोपी पत्नी और उसके प्रेमी को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुरकाजी। साकर की हत्या करने वाली पत्नी आसिया और उसके प्रेमी सुहेल के विरुद्ध पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि शुक्रवार को दोनों का चालान कर दिया गया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा है।