गांव दूधाहेड़ी के पंकज राठी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
दामाद और उसका साथी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बेस बॉल बैट बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर के गांव दूधाहेड़ी में पंकज राठी की हत्या उसके दामाद ने अपमान का बदला लेने के उद्देश्य से की थी। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने में अपने साथी की मदद ली थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बेसबॉल बैट बरामद कर लिया है।
पुलिस लाइन में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने पत्रकारों को जानकारी दी कि 24 जुलाई की रात में घेर में सोते समय दूधाहेड़ी निवासी पंकज राठी की सिर में भारी वस्तु का प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। मामले की खुलासे के लिए तीन टीम का गठन किया गया था। इस मामले में मृतक के दामाद थाना सिखेड़ा के गांव बहादरपुर निवासी अंकुर और उसके साथी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त बेसबॉल बैट भी बरामद किया गया।
एसपी सिटी ने बताया कि पंकज की बेटी प्रिया की शादी अंकुर के साथ छह-सात महीने पहले ही हुई थी। पति-पत्नी में विवाद होने लगा था। इसके चलते पंकज ने अपने दामाद को कई बार धमकाया था। अंकुर का कहना हैं कि पंकज और उसके परिजनों ने घर आकर मारपीट भी की थी। उसे अपमानित किया था।
इसके चलते उसने ससुर की हत्या करने की ठानी थी। घटना वाली रात में उसने और उसके साथी हिमांशु ने बाइक से दूधाहेड़ा पहुंच कर घटना अंजाम दी थी। आरोपी से बेसबॉल बैट, खून सने कपड़े व बाइक बरामद कर ली हैं। दोनों को सिखेड़ा रोड पर बने मदरसे के सामने से गिरफ्तार किया गया।
सीसीटीवी कैमरे बने सहारा
पुलिस की तीन टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी थी। इन टीमों को मंसूरपुर के पास एक मुर्गी फार्म सहित दो स्थानों पर लगे सीसीटीवी में आरोपी रात में बाइक पर आते और जाते हुए दिखाई दिए थे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।