मंत्री के बयान के विरोध में कलक्ट्रेट में त्यागी समाज ने धरना प्रदर्शन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। त्यागी भूमिहार समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने कहा कि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का बयान निंदनीय है। उनके बयान से समाज के लोगों में भारी रोष है। एक सप्ताह में अगर मंत्री ने माफी नहीं मांगी तो समाज इकट्ठा होकर बड़ा फैसला करेगा। देशभक्त त्यागी समाज अपनी बहू-बेटियों की रक्षा करना जानता है।
प्रदेश सरकार के मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में शुकतीर्थ की जनसभा में कश्यप, सैनी और त्यागी समाज को लेकर बयान दिया था। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर त्यागी समाज ने धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा के मंत्री को समाज से माफी मांगनी चाहिए।
त्यागी सभा भवन के अध्यक्ष हरिओम त्यागी ने कहा कि स्वतंत्र देव सिंह के बयान से समाज में रोष है। इसका असर भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, युवा जिलाध्यक्ष अक्षु त्यागी, सतीश भारद्वाज, बॉबी त्यागी, संजीव त्यागी, अमरीश त्यागी, उमेश त्यागी मौजूद रहे।