31 जनवरी को विरोध-प्रदर्शन करेंगे किसान : टिकैत
- संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा, किसान इसी दिन रखेंगे अपनी मांग
फोटो संख्या-तीन
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की मांगों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया तो संसद सत्र के पहले दिन 31 जनवरी को विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसान-मजदूरों की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाना चाहिए।
रविवार को एक बयान में उन्होंने कहा कि संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा। किसानों ने 13 महीने आंदोलन किया है। सरकार ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसी वजह से किसान 30 जनवरी तक इंतजार करेंगे। अगर किसानों को कोई संतोषजनक हालात दिखाई नहीं दिए तो 31 जनवरी को विरोध प्रदर्शन करेंगे। किसान इसकी रणनीति बना रहे हैं। किसानों के अपने मुद्दे हैं, जिनका समाधान होना चाहिए। किसान परेशान हाल है और 13 महीने तक दिल्ली के बॉर्डर पर जमे रहे। सात सौ से अधिक किसानों की मौत हुई है। प्रदेश चुनाव के सवाल पर कहा कि देश और प्रदेश में विपक्ष हमेशा मजबूत होना चाहिए। राजनीति में कोई बड़ा चेहरा कभी चुनाव नहीं हारना चाहिए। मजबूत विपक्ष ही सरकारों को आइना दिखाने का कार्य करता है।