बुढ़ाना में गाजीपुर बार्डर की ओर रवाने होते शाहडब्बर गांव के किसान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शाहडब्बर से गाजीपुर बार्डर के लिए रवाना हुए किसान
बुढ़ाना। कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे किसान आंदोलन को तेज करने के लिए भाकियू व अन्य दलों से जुड़े नेता व किसानों का गाजीपुर बार्डर पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। शाहडब्बर गांव से राममेहर राठी के नेतृत्व में किसान ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर खाने-पीने के राशन के साथ गाजीपुर बार्डर की ओर रवाना हुए।
कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू नेताओं ने अब मोर्चा संभाल लिया है। भाकियू नेताओं की शाहडब्बर गांव में सोमवार को हुई पंचायत में लिए गए निर्णय के बाद मंगलवार को कई दर्जन ग्रामीण व भाकियू नेता ट्रैक्टर ट्राली के काफिले के साथ गाजीपुर बार्डर की ओर रवाना हुए। दोपहर करीब दो बजे ट्रैक्टरों का काफिला बुढ़ाना में तहसील मुख्यालय के सामने पहुंचा तो ग्रामीणों ने किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाए। रालोद नेता व किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन सुरेंद्र सहरावत ने ग्रामीणों को कृषि कानून के दुष्प्रभाव बताए।
क्षेत्र के गांव टांडा माजरा, वैल्ली व इटावा से भी किसान ट्रैक्टर व कारों के काफिले के साथ गाजीपुर बार्डर की ओर रवाना हुए। इस दौरान सकुल, सतपाल सहरावत, बालकिशोर त्यागी व अशोक पांचाल सहित कई दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे।