गेहूं खरीद न होने पर किसानों ने लगाया महावीर चौक पर जाम
मुजफ्फरनगर। क्रय केंद्र पर गेहूं न खरीदे जाने से आक्रोशित किसान ट्रैक्टर-टॉली लेकर कलक्ट्रेट में जाम लगाने के लिए शहर में पहुंचे। पुलिस ने महावीर चौक पर उन्हें रोका तो किसानों ने शहर के महावीर चौक पर गेहूं से भरी ट्रैक्टर ट्रालियों को खड़ा कर जाम लगा दिया। वहीं धरने पर बैठ गए। अफसरों के समझाने के बावजूद किसान अपनी मांगो पर अड़े रहे। नोकझोंक भी र्हुई। चार घंटे बाद शाम पांच बजे किसान किसान माने और घर लौट गए।
क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद का मंगलवार को अंतिम दिन था। नवीन मंडी के क्रय केंद्रों पर किसान पूरे दिन अपना गेहूं लेकर खड़े रहे। लेकिन किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा सका। जिस पर किसानों ने वहां पर हंगामा कर तोल बंद करा दी थी। मौके पर पहुंचे अफसरों ने सभी किसानों के नाम नोट कर गेेहूं खरीदने का आश्वासन दिया था, मगर सभी किसानों का गेहूं नहीं खरीदा गया। बुधवार को किसान अपना गेहूं लेकर फिर से केंद्र पर पहुंचे, जहां पता चला कि केंद्र बंद हो गए है, अब खरीद नहीं होगी। जिस पर किसान आक्रोशित हो उठे।
दोपहर करीब एक बजे गुस्साए किसान करीब 20-25 ट्रैक्टर ट्राली लेकर कलक्ट्रेट की ओर चल दिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें महावीर चौक पर रोक लिया। जिस पर किसानों ने वहीं ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी करके जाम लगा। किसानों ने वहां धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। जाम और धरने की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह, एसडीएम सदर दीपक कुमार कई थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे। किसानों से वार्ता की मगर वो किसान अपना गेहूं तुलवाने की मांग पर अड़े रहे। जिसको लेकर अफसरों की किसानों से नोकझोंक भी हुई। किसानों ने कहा कि उनका समस्त गेहूं खरीदा जाए और गेहूं खरीद में धांधली करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
जाम लगने से नागरिक हाल बेहाल हो गए। पुलिस ने वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला। चार घंटे तक किसान महावीर चौक पर बैठे रहे। शाम पांच बजे एडीएम प्रशासन अमित सिंह, जिला विपणन अधिकारी कमलेश कुमार किसानों के बीच पहुंचे। अफसरों ने जीआईसी के मैदान में किसानों से वार्ता की। अधिकारियों ने इस संबंध में शासन को रिपोर्ट भेज कर बाकी बचे गेहूं खरीद की संस्तुति कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद चार घंटे से जारी किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में विशाल बोपाड़ा, अंकित मलिक बधाई कलां, मनोज कुमार सिसौली, देवेंद्र मलिकपुरा, नितेश जानसठ, विशांत धीराहेड़ी, मोनू कुटबी, अमन पचैंडा आदि किसान शामिल रहे।
महावीर चौक पर बैरिकेडिंग हटाकर कलक्ट्रेट जाते किसानों को रोकती पुलिस।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सरकारी क्रय केंद्र पर तौल न होने पर महावीर चौक पर धरने पर बैठे किसान व भाकियू कार्यकर्ता को चेताव?- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भाकियू कार्यकर्ता व किसानों को कलक्ट्रेट जाने से रोकते सिटी मजिस्ट्रेट।- फोटो : MUZAFFARNAGAR