पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में गन्ने लदी ट्रॉली बिना नंबर के पहले तुलवाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो किसानों ने हंगामा करते हुए मिल परिसर में फायरिंग कर दी। मिल के सुरक्षाकर्मी ने दोनों किसानों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल के सुरक्षाकर्मी दिनेश शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार सुबह छपार थाना क्षेत्र के गांव तेजलहेड़ा निवासी दो किसान गन्ने लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिल में आए थे। जब वे मिल परिसर में पहुंचे तो वहां तौल के लिए पहले से ही बड़ी तादाद में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौजूद थीं, लेकिन दोनों आरोपियों ने बिना नंबर के अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली सबसे पहले तौलने के लिए कहा। तौल लिपिक द्वारा इंकार किए जाने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज कर दी। इस पर गेट इंचार्ज सत्यवान सिंह मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी बदसलूकी व मारपीट की गई।
शोर-शराबा होने पर सुरक्षा कर्मी दिनेश शर्मा व अन्य लोग पहुंचे तो आरोपियों ने मिल परिसर में फायरिंग कर दी और जबरन तौल बंद करा दी। इस पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। सुरक्षाकर्मी ने आरोपियों से मिल कर्मचारियों की जान का खतरा जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।