भोपा। फसलों में सिंचाई करने गए किसान की विद्युत करंट लगने से मौत हो गयी। विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दर्जनों ग्रामीणों ने भोपा के विद्युत उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया तथा साथ मुआवजे की माँग की।
थाना क्षेत्र के गाँव कादीपुर निवासी 54 वर्षीय संजीव शनिवार की देर शाम कादीपुर-रहकडा़ मार्ग पर अपने खेतों पर सिंचाई करने के लिये गया था। हमेशा की तरह जब वह सुबह सवेरे घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। खेत पर पहुँचे परिजनों ने संजीव को विद्युत पोल के पास मृत अवस्था मे पाया। संजीव का शव विद्युत करंट से झुलसा हुआ पाया गया। विद्युत विभाग की लापरवाही पर रोष प्रकट करते हुए ग्रामीणों ने रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर के नेतृत्व में भोपा स्थित विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा काटा व मृतक के आश्रितों के लिये मुआवजे की माँग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर धरने को समाप्त कराया। धरना प्रदर्शन के दौरान, प्रधान शौकीन, चांद वीर, अरविंद, ओमवीर, मोंटी, बिट्टू, ओंकार, रीनू, मोहित, सुनील, विजय, आकाश, निखिल, हरिंदर, पप्पू, तुषार आदि मौजूद रहे।