भोपा में किसान के घर चोरी
भोपा(मुजफ्फरनगर)। गांव नंगला बुजुर्ग निवासी किसान के घर में शुक्रवार देर रात घुसे चोरों ने लाखों रुपये कीमत के जेवरात और चार लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। घर में सोए परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लग पाई। पीड़ित गृहस्वामी ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी शाहनजर ने तहरीर देकर बताया कि उसके मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। शुक्रवार देर रात वह परिवार के साथ घर में ही सोया हुआ था। इसी दौरान बदमाश छत के रास्ते घर में घुस गए और एक कमरे में रखी अलमारी तोड़कर उसमें रखे तीन पुत्र वधुओं के सोने-चांदी के लाखों कीमत के जेवरात के साथ ही चार लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। इस दौरान सोए परिजनों को घटना की भनक तक नहीं लग पाई। शनिवार सुबह नींद से जागने पर अलमारी टूटी और नकदी-जेवरात गायब देख परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना पर एसओ सूबे सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच पड़ताल की। एसओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध नजर आ रही है। मामले की जांच की जा रही है, सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।