किसान की करंट लगने से मौत, भाई झुलसा
मंसूरपुर। खेत में पानी चलाने गए किसान की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसका भाई झुलस गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव पुरबालियान निवासी किसान 32 वर्षीय सालिब पुत्र लियाकत बुधवार की सुबह छह बजे अपने बड़े भाई अकरम के साथ खेत में पानी चलाने गया था। उसी समय खेत में टूटे पड़े एलटी लाइन के तार से करंट की चपेट में आने पर किसान सालिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई अकरम झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य शाकिर प्रधान सहित अनेक ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत निगम की लापरवाही को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया। इसी बीच मंसूरपुर थाने में पहुंचे विद्युत निगम के जेई राकेश कुमार ने विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता करके पांच लाख का मुआवजा मृतक आश्रितों को दिए जाने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी खतौली इंद्रकांत द्विवेदी व कानूनगो सुनील शर्मा ने भी किसान दुर्घटना बीमा के तहत शासन से पांच लाख रुपये दिलवाने की घोषणा की। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है।