जानसठ। क्षेत्र के तालड़ा गांव के जंगल में अपने खेत पर गए किसान अरुण उर्फ अटल (65) का नकाबपोश दो बदमाशों ने तमंचे से डराकर अपहरण कर लिया। गन्ने के खेत में नौ घंटे बंधक बनाकर रखा और उसके कारोबारी बेटे से मोबाइल पर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पिता को छुड़ाने के लिए बेटे ने जंगल में रुपयों का बैग पहुंचाया। इसके बाद आरोपियों ने किसान को छोड़ दिया।
मूल रूप से तालड़ा निवासी और वर्तमान में कस्बे के मोहल्ला हुसैनपुरा निवासी अरुण कुमार के हिस्से में करीब 130 बीघा खेती की जमीन है। उनका इकलौता पुत्र मयंक गाजियाबाद के इंद्रापुरम में अपना निजी कारोबार करता है।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे किसान बाइक पर सवार होकर खेत पर चक्कर लगाने गया था। लौटते समय चकरोड़ पर गन्ने के खेत से निकले दो बदमाश तमंचा दिखाकर उसे धमकी देकर अपहरण कर गन्ने के खेत में ले गए। एक बदमाश हाथ में डंडा लिए था। बदमाशों ने किसान को खेत में बंधक बना लिया और किसान के मोबाइल से ही गाजियाबाद में रह रहे उसके पुत्र मयंक को काॅल कराकर फिरौती मांगी। पुलिस को जानकारी देने पर हत्या की धमकी दी गई।
इसके बाद मयंक जानसठ पहुंचा और बदमाशों की ओर से बताए गए ठिकाने पर फिरौती की रकम रखी और जानसठ लौट आया। रात में लगभग आठ बजे बदमाशों ने किसान को छोड़ दिया। शनिवार सुबह किसान ने पुलिस को जानकारी दी और अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। ि