ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से किसान की मौत
मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर। शाहपुर क्षेत्र के गांव दिनकरपुर निवासी किसान मनमोहन त्यागी (52) पुत्र जनेश्वर बृहस्पतिवार तड़के 4:00 बजे मंसूरपुर शुगर मिल में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर आ रहा था। मंसूरपुर व शाहपुर मार्ग पर राखी पब्लिक स्कूल के पास सड़क किनारे मृत सांड पड़ा हुआ था। सामने से एक अन्य वाहन भी आ रहा था। उसको बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे नीचे खाई में पलट गई तथा मनमोहन की उसके नीचे दबने से मौत हो गई। मंसूरपुर की ओर से जा रहे कुछ लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे से किसान का शव निकाला तथा उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन शव को गांव में ले गए तथा रिपोर्ट लिखवाने से मना कर दिया। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।