शादी के मुहूर्त में लॉकडाउन की बाधा
मुजफ्फरनगर। शादी के शुभ मुहूर्त पर लॉकडाउन ने अड़ंगा डाल दिया है। कोरोना महामारी के चलते जिले में सैकड़ों शादियां बीच में ही अटक गई है। दूल्हे शादी के लिए परमिशन मांग रहे हैं, जो मिल ही नहीं रही है। प्रशासन की ओर से शादी की अभी तक एक भी परमिशन जारी नहीं हुई है। बहुतों के अरमानों पर पानी फिर गया है। हालात से समझौता कर चार लोगों की बरात से ही शादी के लिए लड़का और लड़की दोनों के परिवार वाले तैयार हो रहे हैं। अब सबसे बड़ी समस्या शादी के लिए अनुमति की है। एडीएम प्रशासन के दफ्तर पर 10 से 20 दूल्हे शादी का कार्ड लेकर परमिशन के लिए आते हैं, लेकिन किसी को अनुमति जारी नहीं हो रही है। ऐसे ही युवक अमित, राजेश, कुलदीप, मनजीत ने बताया कि बहुत से लोगों की डेट तो परमिशन नहीं मिलने के कारण निकल गई है। अब दोबारा मुहूर्त निकाला जाएगा। जिन लोगों के कुछ दिन बचे हैं उन्हें भी अनुमति नहीं मिल पा रही है।