खतौली। तहसील कार्यालय को गंगनहर कांवड़ पटरी से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण में पेंच फंस गया है। किसान ने लोक निर्माण विभाग को नोटिस भेजा है। किसान ने अपनी भूमि पर सड़क निर्माण का विरोध करते हुए मुआवजा दिए जाने के बाद ही सड़क निर्माण किए जाने की बात कही है।
गंगनहर कांवड़ पटरी मार्ग के लिए 850 मीटर लंबे टुकड़े के लिए 45 लाख रुपये स्वीकृत कर लोक निर्माण विभाग को बजट मिला था। किसान ने विभाग को नोटिस भेज कर उसकी भूमि में सड़क निर्माण होने की बात कही थी, जिस पर विभाग की ओर से तहसील से रिपोर्ट मांगी गई थी। विभाग ने सड़क निर्माण कार्य के लिए एक ठेकेदार को ठेका भी दिया हुआ है। बरसात के बाद सड़क निर्माण का कार्य होना था। इस मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। मार्ग पर पत्थर फैले हुए हैं। जिस कारण दुपहिया वाहन सवार पत्थरों में फिसल कर चोटिल होते रहते हैं।
क्या कहते हैं एक्सईएन
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अनिल कुमार राणा ने बताया कि किसान ने विभाग को नोटिस दिया है, जिसमें एक नया खसरा नंबर देकर उसकी भूमि में सड़क निर्माण न करने की बात कही है। नोटिस में दिए खसरा नंबर की एसडीएम से रिपोर्ट मांगी गई है। यह गन्ना विभाग की सड़क है। लोक निर्माण विभाग से कोई नई सड़क का निर्माण नहीं हो रहा है। पहले से बनी सड़क का मरम्मत कार्य होना था। तहसील की रिपोर्ट आने के बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा।