शाहपुर। क्षेत्र के गांव बसधाड़ा में रात के समय मकान के कमरे की कच्ची छत गिरने से मलबे में पति-पत्नी सहित तीन बच्चे दबकर घायल हो गए। घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्षेत्र के गांव बसधाड़ा निवासी बिजेंद्र अपनी पत्नी रेखा के अलावा तीन बच्चों प्रियांशी नौ वर्ष, कार्तिक आठ वर्ष व शंकर पांच वर्ष के साथ कमरे में सो रहे थे। देर रात अचानक भरभरा कर कमरे की छत गिर गई, जिसके मलबे में पति-पत्नी सहित तीनों बच्चे दब गए। बिजेंद्र ने बताया कि किसी तरह वह मलबे में से बाहर निकाला और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे उसकी पत्नी तथा तीनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। घायल पति पत्नी व तीनों घायल बच्चों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रधान दिलशाद त्यागी मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना के संबंध में उप जिलाधिकारी खतौली मोनालिसा जौहरी व बीडीओ शाहपुर राजीव कुमार को अवगत कराया। इसके बाद खतौली तहसील से गांव के लेखपाल मौके पर पहुंचे और जानकारी लेने के साथ मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित का प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत मकान बनवाने के साथ मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।