बुढ़ाना। क्षेत्र के इटावा गांव में खेत पर पानी चलाने गया किसान रविंद्र कुमार (43) नलकूप पर बनाए गए कमरे की जर्जर छत टूट जाने से कुएं में गिर गया। हादसे में किसान की मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए अंतिम संस्कार कर दिया।
किसान ने खेत में कुएं के ऊपर कमरा बना रखा था। शुक्रवार रात वह सिंचाई करने के लिए गया । पानी खेत में खोलकर वह कमरे की छत पर सोने चला गया। लेकिन इसी दौरान जर्जर छत टूट गई, जिससे किसान कुएं में जा गिरा।
शोर सुनकर हाईवे पर ढाबा संचालित कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सूचना दी। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। कुएं से निकालकर परिजन सीएचसी बुढ़ाना ले गए, लेकिन तब तक किसान की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित था। घटना से गांव में गम का माहौल है।