पुरकाजी। रंगदारी के मामले में दर्ज हुई रिपोर्ट के बाद सोमवार को दूसरा पक्ष थाने पहुंचा। उन्होंने रंजिश में रिपोर्ट दर्ज कराने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की।
कस्बे के साजिद, सलमान मलिक, मुझाहिद व इरफान और इनाम व आबाद आदि आरा मशीन संचालकों ने रविवार को थाने पहुंचे थे। उन्होंने तहरीर देकर एक किसान संगठन के नेता, उसके साथी पर प्रति माह दो हजार रुपये प्रति आरा मशीन रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आरा मशीन संचालक इरफान की तहरीर पर भारतीय किसान यूनियन हिंद के प्रदेश अध्यक्ष शमशाद अहमद निवासी मोहल्ला झोझगान व नगर अध्यक्ष असलम शेख निवासी मोहल्ला नुरंगरियांन पुरकाजी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
सोमवार को शमशाद अहमद, असलम शेख अपने साथियों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर मामले की जांच किए बिना रिपोर्ट दर्ज करने पर विरोध जताया। कहा कि करीब एक सप्ताह पूर्व आरा मशीन संचालकों की शिकायत वन विभाग से की थी। जिस पर उन्होंने झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दौरान अमित गुर्जर, पप्पू, इमरान, वेदपाल, अजीम अहमद, शमीम अहमद आदि मौजूद रहे।