- धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली में एक युवक ने यूनिक प्लाजा में न्यू एजूकेशन के नाम से कार्यालय चलाने वाले युवक व उसके साथी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। दोनों युवकों ने पीड़ित युवक से हाई स्कूल की मार्कशीट बनाने के नाम पर 18 हजार रुपये वसूल किए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर के दक्षिणी खालापार निवासी गुलनवाज ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। उसने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अशिक्षित है और उसे नौकरी करने के लिए मार्कशीट की जरूरत थी। दस पंद्रह दिन पहले उसकी मुलाकात हासिन से हुई तो उसने बताया कि उसने न्यू एजूकेशन के नाम से यूनिक प्लाजा में कार्यालय खोला हुआ है। उसने हाईस्कूल की मार्कशीट 18 हजार व इंटर की मार्कशीट के 25 हजार रुपये बताए और कहा कि मार्कशीट से नोएडा में नौकरी लगने की गारंटी है।
विश्वास कर आधार कार्ड, दो फोटो व पैसे दे दिए गए। चार अक्टूबर को हासिन ने बुलाकर मार्कशीट उसे दे दी, इससे उसे शक हुआ कि इतनी जल्द मार्कशीट कैसे बन गई। उसने मार्कशीट को अपने परिचितों को दिखाया क्योंकि मार्कशीट पर 26 जून 2023 की तारीख लिखी थी। जबकि उसने हासिन को 21 सितंबर को पैसे दिए थे।
उसे विश्वास हो गया कि मार्कशीट फर्जी है और हासिन ने अपने एक साथी शामली के थाना भवन निवासी एक युवक के साथ मिल कर उसके साथ धोखाधड़ी की है। शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।