सिसौली (मुजफ्फरनगर)। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि काकड़ा में 29 मई को होने वाली महापंचायत पर सबकी निगाह टिकी है। किसान सेवा और सत्कार की मिसाल पेश करें। बाहर से आने वाले लोगों के खाने-पीने का इंतजाम करें।
कस्बे की पट्टी चौधरान में काकड़ा महापंचायत की तैयारियों को लेकर सभा बुलाई गई। टिकैत ने कहा कि हर घर से लोगों को पंचायत में शामिल होना चाहिए। जिन घरों में ट्रैक्टर हैं, वह अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। किसानों के लिए मुश्किल समय है। वर्तमान में एकता की जरूरत है। किसान-मजदूरों को एकजुट होकर ही वर्तमान हालातों से निपटना होगा। एकता में ही ताकत है। पंचायत में बाहर से आने वाले लोगों की अधिक से अधिक सेवा करनी होगी। किसान अपने घरों से खाने-पीने का सामान लेकर पहुंचे। अध्यक्षता चौ अतर सिंह और संचालन मास्टर ओमपाल बंजी ने किया। सभा में गौरव टिकैत, रेशपाल आक्खी, भगत सिंह, फूल सिंह, विशाल बालियान मुख्य रूप से मौजूद रहे
किसान ट्रैक्टरों पर तिरंगा बांध लें
भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि अगर किसी को भाकियू के झंडे से भी दिक्कत है तो वह पंचायत में ट्रैक्टर पर तिरंगा बांधकर शामिल होने पहुंचे। तिरंगा देश की आनबान और शान है।
पश्चिम यूपी की खाप पंचायतों का मिल रहा समर्थन
भाकियू अध्यक्ष के पुत्र गौरव टिकैत ने बताया कि बड़ौत की देशखाप, राठी खाप, लाठर खाप, लाटियान खाप समेत सभी खाप पंचायतों का काकड़ा महापंचायत को समर्थन मिला है। गठवाला खाप के थांबेदारों ने भी बहावड़ी में मीटिंग कर समर्थन दिया है। किसान-मजदूरों के मुद्दों पर पंचायत बुलाई गई है।
लाटियान खाप ने दिया काकड़ा महापंचायत को समर्थन
तितावी। लाटियान खाप के जिम्मेदार लोगों की पंचायत गांव बुड़ीना कलां में पूर्व प्रधान सचिन के आवास पर आहूत की गई। सर्वसम्मति से 29 मई काकड़ा की पंचायत को समर्थन किया गया। निर्णय लिया कि 29 मई को काकड़ा में होने वाली पंचायत में शामिल होने के लिए जाना है। चौधरी धीरज लाटियान, सुरेंद्र प्रधान, जितेंद्र प्रधान, लाल्ला प्रधान, अशोक प्रधान, विपुल निर्वाल, राजकुमार, चौधरी वीर सिंह, चौधरी सत्यवीर सिंह, बाबा ओमपाल सिंह, विजेंद्र आर्य, अरविंद प्रधान, रोहित लाटियान, सचिन प्रधान, चौ. विजयपाल सिंह, चौधरी ओमपाल सिंह, अनिल आर्य, चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी इंद्रपाल सिंह मौजूद रहे। पंचायत की अध्यक्षता बाबा कालूराम और संचालन धीरज लाटियान ने किया । संवाद