बुढ़ाना के हुसैनपुर कलां गांव में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग। स्रोत संवाद।
- मकान व दुकान किराये पर लेकर बनाया था गोदाम, आग बुझाने में दमकल टीम को लगे दो घंटे
- सूचना पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे, आसपास के लोगों से ली जानकारी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। बुढ़ाना-सिसौली लिंक मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हुसैनपुर कलां गांव के मकान में धमाका हुआ। जिससे मकान का लिंटर व दीवारें टूट गईं। विस्फोट की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग टीम ने पहुंच कर दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसडीएम और सीओ ने पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी के संचालक के अन्य गोदाम व घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में पटाखे व विस्फोटक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर कलां में तैय्यब व अरशद दो भाई गांव में अवैध रूप से पटाखे बनाने व बेचने का कार्य करते हैं। उनके गांव में कई गोदाम भी है। तैय्यब ने गांव के बाहर लिंक मार्ग पर मोहम्मद रफी का खाली मकान व दुकानें किराये पर लेकर गोदाम बनाया है। वहां भारी मात्रा में पटाखें व विस्फोटक पदार्थ रखा था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे मकान में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट से मकान का लिंटर टूट गया। चारों तरफ की दीवारों की ईंटें दूर तक बिखर गई। धमाके की आवाज दूर तक गई। लोग दहशत में आ गए। काफी देर तक धमाके होते रहे। गांव में धुआं फैल गया। अफरातफरी मच गई। गोदाम के आसपास भीड़ लग गई। जिस समय विस्फोट हुआ उस समय लिंक मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। आग बुझाने में दमकल टीम को करीब दो घंटे लगे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
गांव की महिला प्रधान के पति सरवर खान ने यह सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। तब टीम के साथ प्रभारी अंतराम सिंह आग बुझाने वाली दो गाड़ियों के साथ पहुंचे। पास में ही तालाब से पानी लेकर लगभग दो घंटे बाद आग बुझाई गई। एसडीएम अरुण कुमार और सीओ हिमांशु गौरव पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्टरी के मालिक तैय्यब व अरशद के कई गोदामों पर छापे मारे। गोदाम व मकान से पुलिस ने भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ व पटाखे बरामद किए। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों की जा सकती थी जान
हुसैनपुर कलां गांव में पटाखा गोदाम में आग लगने के समय आसपास कोई ग्रामीण नहीं था। घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर मस्जिद व अन्य मकान है। आसपास ग्रामीण होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने बताया कि कई साल पहले भी पटाखे बनाने वाले तैय्यब व अरशद के गोदाम में आग लगी थी। उस समय गोदाम के पास ग्रामीणों की कई बाइक जल गई थी। प्रशासन ने उस समय भी घटना को गंभीरता से नहीं लिया था।