- उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की विशेष जांच समिति ने दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ। अधिवक्ता योगेश कुमार गुर्जर, सुरेंद्र कुमार गुर्जर व नौशाद अहमद की आजीवन सदस्यता समाप्त करने और उनके चैंबर सील करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल की विशेष जांच समिति ने अधिवक्ताओं को उनके चेंबर में विधि व्यवसाय करने से नहीं रोके जाने का आदेश पारित किया है। बार संघ अध्यक्ष, सचिव के अलावा जिला जज, जिलाधिकारी और एसडीएम जानसठ को आदेश की प्रतिलिपि प्रेषित की है।
अधिवक्ता योगेश कुमार गुर्जर ने बताया कि बार काउंसिल के अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने उनके प्रत्यावेदन पर एक विशेष जांच समिति गठित की गई। समिति को अवगत कराया गया कि जानसठ के अध्यक्ष व सचिव ने तीन जुलाई 2023 को उन्हें छह वर्ष के लिए सदस्यता से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद बार संघ जानसठ का 14 अगस्त का प्रस्ताव दर्शाकर 17 अगस्त में बिना उनको सूचित किए एवं बिना सुने एक तरफा आदेश पारित कर बार संघ जानसठ से आजीवन सदस्यता समाप्त करके चैंबर को खाली कर सील करने हेतु 18 अगस्त का समय देकर पुलिस की मौजूद में उनके चैंबर पर बिना किसी सूचना व नोटिस दिए सील लगा दी गई थी।
जांच समिति के अध्यक्ष रोहिताश्व कुमार अग्रवाल व सदस्य अजय यादव ने सभी तथ्यों को सुनने के बाद बार संघ अध्यक्ष व सचिव द्वारा पारित आदेश तीन जुलाई एवं 18 अगस्त अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया। तीनों अधिवक्ताओं को उनके चेंबर में विधि व्यवसाय करने से न रोका जाए। अग्रिम सुनवाई की तिथि तय की जाएगी।
यह था मामला
बार संघ जानसठ के अध्यक्ष शशि सैनी को डाक विभाग द्वारा विगत माह अधिवक्ता योगेश कुमार गुर्जर व सुरेंद्र कुमार गुर्जर ने एक पत्र भेजा था। आरोप था कि डाक द्वारा भेजे गए पत्र में बार संघ अध्यक्ष के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया था। जिसको लेकर अध्यक्ष ने एसएसपी के आदेश पर जानसठ थाने में अधिवक्ता योगेश कुमार गुर्जर, सुरेंद्र कुमार गुर्जर सहित तीन के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। तीनों की आजीवन सदस्यता समाप्त करते हुए उनके चैंबर पर सील लगवा दी थी।
चेंबर से सील खुलवाने के लिए एसडीएम से मिले अधिवक्ता
(फोटो समाचार)
चेंबर की सील खुलवाने के लिए अधिवक्ता तहसील में एसडीएम सुबोध कुमार से मिले। मंगलवार की शाम को तहसील में पहुंचे अधिवक्ताओं ने उत्तर प्रदेश बर काउंसिल की विशेष जांच समिति के आदेश को दिखाते हुए उनके चेंबर पर लगी सील को खुलवाने की मांग की। इस दौरान बार संघ के पूर्व अध्यक्ष मांगेराम गुर्जर, योगेश कुमार गुर्जर, सुरेंद्र कुमार गुर्जर, सहेंद्र कुमार गुर्जर, नवीन कुमार, नौशाद अहमद आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।