संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 19 मार्च से शुरू हुआ। शुक्रवार को हाईस्कूल की 27698 और इंटरमीडिएट की 11956 कापियां जांची गईं। परीक्षकों ने तीन दिन में कुल मिलाकर 91910 उत्तर पुस्तिकाओं का जांच कार्य कर लिया है। केंद्रों पर जिला कंट्रोल रूम और लखनऊ कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही डीआईओएस ने केंद्रों का निरीक्षण कर मूल्यांकन को शुचिता से करने के निर्देश दिए।
मूल्यांकन के तीसरे दिन शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज और एसडी इंटर कॉलेज के मूल्यांकन केंद्र पर समय से कार्य शुरू हुआ। केंद्रों पर आवंटित परीक्षक 1508 में से 1186 केंद्रों पर पहुंचे। इस्लामिया इंटर कॉलेज और डीएवी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की काॅपियां और राजकीय इंटर कॉलेज और एसडी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की काॅपियों का मूल्यांकन किया गया। शुक्रवार को हाईस्कूल की 27698 और और बारहवीं की 11956 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि चारों केंद्रों पर काॅपियां पहुंच गई हैं। निरीक्षण के दौरान सभी को मूल्यांकन कार्य को शुचिता और सावधानी सेे करने के निर्देश दे दिए गए हैं।