मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संधावली पुल और आवास विकास कॉलोनी के बीच में मंगलवार की रात ट्रेन की चपेट में आकर केशवपुरी निवासी शुभम की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई और परिजनों को बुलवा लिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि आईटी इंजीनियर था और घर पर रहकर ही किसी कंपनी के लिए काम करता था। वह रात में अपनी माता को शादी समारोह में छोड़ने के बाद घर नहीं पहुंचा था। पुलिस ने कहा कि हादसे व आत्महत्या की जांच की जा रही है।
दो नलकूपों में चोरी
मीरापुर। गांव भूम्मा निवासी हितकर व नेमपाल के नलकूपों के ताले तोड़कर हजारों की कीमत का सामान चोरी कर लिया। जब किसान नलकूप पर पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। सूचना पाकर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। पीड़ित किसानों ने थाना मीरापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ससुरालियों के खिलाफ लिखाया मुकदमा
मुजफ्फरनगर। तितावी के गांव छतैला निवासी सहाना ने महिला थाने में अपने पति ककरौली निवासी प्रवेज सहित कई ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दहेज की मांग करते हुए आरोपियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया था।
छात्रों के दो गुटों में मारपीट
मुजफ्फरनगर। दोपहर के समय शिव चौक पर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। इस दौरान जमकर लात घूसें व बेल्ट चली। इससे अफरा तफरी मच गई। शिव चौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पहुंच कर कई को पकड़ लिया जबकि कई फरार हो गए। पता चला कि सभी पकडे़ आरोपी नाबालिग थे। पुलिस ने उनके परिजनों को बुला कर मामले की जानकारी दी और चेतावनी देकर छात्रों को छोड़ दिया।