पुरकाजी/छपार। रविवार को सवेरे सात बजे से 11 बजे तक चार घंटे की विद्युत कटौती से क्षेत्र की जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीण पसीने-पसीने हो गए।
छुट्टी वाले दिन चार घंटे की विद्युत कटौती से पुरकाजी क्षेत्र में गृहिणियों को कपड़े धोने व अन्य घरेलू कार्यों में दिक्कत झेलनी पड़ी। दुकानदार भी भयंकर गर्मी के चलते परेशान रहे। गृहिणी सिमरन मेहता ने बताया कि सवेरे विद्युत आपूर्ति बंद हो जाने से वाशिंग मशीन नहीं चली और कपड़े धोने का कार्य बीच में ही लटक गया। बाद में हाथ से ही कपड़े धोने पड़े। अर्जुन गुप्ता ने बताया कि उनके नए मकान का निर्माण चल रहा है। रविवार को सवेरे ही विद्युत आपूर्ति बंद हो जाने से जलापूर्ति भी बंद हो गई, जिससे चिनाई कार्य बंद करना पड़ा। पंजाबी कालोनी निवासी आशु बेदी ने बताया कि रविवार को घर पर गुरु ग्रंथ साहेब का पाठ समापन कार्यक्रम था। मेहमान व अन्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। आपूर्ति बंद हो जाने से गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।
छपार क्षेत्र के बरला बिजली घर क्षेत्र की सुबह से दोपहर तक बिजली गुल रही, जिससे ग्रामीणों को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। लोग पेड़ों के नीचे व खुले मकानों में बैठकर हाथ के पंखों से हवा करते रहे। सुबह सात बजे से दोपहर बारह बजे तक बरला, छपार, महरायपुर, छपरा, ताजपुर कुतुबपुर आदि की बिजली गुल रही। भीषण गर्मी से ग्रामीणों को मकानों से बाहर पेड़ों के नीचे या खुले में बैठना पडा। महिला व बच्चे गर्मी से बिलबिलाते नजर आए। पशुओं के लिए पानी नहीं आया। दोपहर बारह बजे के बाद बिजली चालू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।