चरथावल। त्रिस्तरीय चुनावों में आरक्षण तिथि नजदीक आते ही दावेदारों की धड़कने बढ़ने लगी है। शामली जिले से अलग हुए ठाकुर बाहुल्य वार्ड संख्या 14 में आरक्षण को लेकर सबसे ज्यादा बेचैनी है।
जिला पंचायत के वार्ड सदस्य पद के लिए 31 अगस्त तक आरक्षण घोषित होने की संभावना है। चरथावल ब्लॉक के गांव इस बार वार्ड 12, 13, 14 और 15 जुड़े हैं। पिछले छह महीने से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने क्षेत्र में प्रचार शुरू कर रखा है। इस बार वार्ड 14 में शामली से अलग हुए पांच गांवों बिरालसी, रोनी हरजीपरु, भमेला, पीपलशाह और मंगनपुर को शामिल किया है, यह ठाकुर बाहुल्य हैं।
यहां से करीब 20 लोग चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। मगर हाल में जो शासन से निर्देश तय किया गया है, उसमें पिछले आरक्षण को देखते हुए उत्साह कुछ कम हुआ है। दरअसल, पिछली मर्तबा ये वार्ड सामान्य था। इस बार संभावित प्रत्याशी खुद स्वीकार करते हैं कि आरक्षण के नये निर्देशों में कुछ भी संभव हैं।
दावेदारों के शुभकामना संदेश के हॉर्डिंग्स और पोस्टर मुख्यमार्गों पर सजे हुए हैं। भावी प्रत्याशियों में आरक्षण की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
लखनऊ से जुगत भिड़ाने की कोशिश
चरथावल। रिजल्ट घोषित होने से पूर्व मनमाफिक आरक्षण जारी कराने के लिए दावेदार आकाओं के दरबार में दस्तक दे रहे हैं। कुछ लोगों ने लखनऊ में डेरा डाल रखा है। सबसे अधिक सरगर्मी वार्ड 14 में नजर आ रही है। लाखों रुपये खर्च कर चुके कई प्रत्याशी अब आरक्षण को सामान्य कराने की जुगत भिड़ा रहे हैं।