मुजफ्फरनगर। ग्राम पंचायत में शनिवार को होने वाले तीसरे चरण के चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच चरथावल और बघरा ब्लाक के 107 गांवों में दो लाख 39 हजार 238 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने क्षेत्र को 15 जोन में बांटा है। 113 सेक्टर मजिस्ट्रेट और चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
ग्राम पंचायत के तीसरे चरण में बघरा और चरथावल ब्लाक में चुनाव है। शुक्रवार शाम तक पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंच गईं। इस चरण में बघरा में 48 और चरथावल के 59 गांवों में चुनाव होगा। चुनाव के दिन 29 मोबाइल टीम लगातार सक्रिय रहेंगी। दोनों ब्लाकों मेें 107 प्रधानों के साथ 1498 ग्राम पंचायत सदस्यों का चुनाव होना है। जिला प्रशासन ने चार बूथों को संवेदनशील, 21 को अतिसंवेदनशील एवं 20 अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल किया है। इसे देखते हुए चुनाव में इस चरण में बड़ी संख्या में अधिकारी लगा दिए गए हैं।
113 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 81 स्टेटिक मजिस्ट्रेट चुनाव में लगाए गए हैं। इसके अलावा 15 जोनल मजिस्ट्रेट, दस स्पेशल जोनल मजिस्ट्रेट एवं चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। चरथावल में सुपर जोनल मजिस्ट्रेट एवं एडीएम प्रशासन मनोज सिंह ने तमाम 41 सेक्टर मजिस्ट्रेट की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम निखिलचंद्र और कप्तान केबी सिंह ने भी गांधी इंटर कॉलेज पहुंचकर पोलिंग पोर्टियों की समीक्षा की। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि तीसरे चरण के चुनाव में दो लाख 39 हजार 238 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।