पुरकाजी खादर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मीटिंग कर जनप्रतिनिधियों एवं शासन पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाकर आगामी विधान सभा चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है।
क्षेत्र के करीब आधा दर्जन ग्रामों के लोगों की एक मीटिंग ग्राम अलमावाला में सूरत सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में हर वर्ष बाढ़ के पानी से ग्रामीणों की फसल आदि का लाखों रुपयों का नुकसान हो जाता है, जिसके लिए फसलों के बीमे किए गए उसके बावजूद ग्रामीणों को कोई मुआवजा नहीं मिल पाया, इसके अलावा सड़कें टूटी पड़ी हैं और जंगलों में जानवर फसलों को बर्बाद कर देते हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के बारे में जनप्रतिनिधियों के अलावा डीएम और लखनऊ जाकर भी सचिव आदि से शिकायत कर क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक किसी ने हमारी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, वहीं सोलानी नदी अटी पड़ी है जिसके लिए प्रशासन को अवगत कराया गया। मगर सुनवाई नहीं हुई, जिस पर हम मजबूर होकर विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा कर रहे हैं। मीटिंग में पूर्व प्रधान बालेन्द्र सिंह, गुरुमुख सिंह, श्याम सिंह कश्यप, नरेन्द्र पाल, राजकुमार, तरसेम पाल, जनक सिंह, जसवंत, मंगत सिंह, स. गुलजार सिंह, भगवत सिंह आदि सहित ग्राम अलमावाला, जिन्दावाला, फरीदपुर, कानेवाली व बिरालसी वालों का ठिया आदि के सैंकडों ग्रामीण मौजूद रहे।