संवाद न्यूज एजेंसी
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। पहले नवरात्र पर कुट्टू के आटे से बनाई गई पूड़ी खाने से एक ही परिवार के आठ सदस्य बीमार हो गए। परिजनों ने सभी को कस्बे के नर्सिंग होम में भर्ती कराया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है।
रविवार से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हुए हैं। पहले नवरात्र में ककरौली क्षेत्र के गांव ढांसरी में जितेंद्र के परिवार के आठ लोगों ने व्रत रखा था। शाम के समय उन्होंने कुट्टू से बने आटे की पूड़ी खाईं। कुछ ही देर बार सभी को उल्टियां होने लगीं। परिवार के लोगों ने जितेंद्र, बबली पत्नी जितेंद्र, गोल्डी, श्वेता पत्नी गोल्डी, कांति पत्नी धीर सिंह, खुशी पुत्री जितेंद्र, वंश पुत्र जितेंद्र, कार्तिक पुत्र गोल्डी को जानसठ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उनका उपचार चल रहा है। परिजनों ने बताया कि कुट्टू का आटा कस्बे में ही स्थित एक दुकान से खरीदा था। शाम के समय उसकी पूड़ी खाने से सभी लोग बीमार हुए हैं।