एआरटीओ पर घायल ई-रिक्शा चालक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कागजात पूरे न होने पर ई-रिक्शा को कर दिया गया था सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुुजफ्फरनगर। ई-रिक्शा बंद किए जाने के बाद आर्थिक परेशानी से जूझ रहे चालक ने एआरटीओ कार्यालय में नुकीली वस्तु से हाथ की नस काटने की कोशिश की। हाथ लहूलुहान हो गया। उसे प्राइवेट अस्पताल में उपचार दिलाया गया।
परिवहन अधिकारियों ने पुलिस की मदद से बकाया टैक्स जमा कराने के लिए वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है। सोमवार को इस टीम ने चार दर्जन से अधिक ई-रिक्शाओं को टैक्स जमा न होने और कागजात पूरे न होने पर सीज कर दिया था। इनमें गांधी कालोनी निवासी गगन की ई-रिक्शा भी शामिल है। ई-रिक्शा चालकों की परिवहन विभाग (एआरटीओ) पर चालान भुगतने के लिए भीड़ लगी है। गगन भी वहां गया था। रिक्शा सीज किए जाने के बाद वह जुर्माने की रकम सुनकर परेशान हो उठा और उसने कैश सेक्शन के पास किसी नुकीली वस्तु ने वार कर अपना हाथ लहूलुहान कर लिया। घायल गगन को दूसरे रिक्शा चालक उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए। उपचार दिलाने के बाद उसे वापस कार्यालय पर ही लाया गया। चालकों ने कुछ देर के लिए हंगामा भी किया, तब अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गगन व हंगामा कर रहे चालकों को समझाया। परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी इरशाल अली ने बताया कि रिक्शा चालक के परिजनों को बुला लिया गया था और चालक को उनके साथ घर भेज दिया था।