बुढ़ाना। मेरठ-करनाल हाईवे पर ईंट से लदे ट्रैक्टर-ट्राॅली में रेत से भरे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर-ट्राॅली टूटकर बिखर गई और चालक विकास (23) की मौके पर मौत हो गई जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
शामली के गांव लांक का रहने वाला विकास (23) और उसका भाई कन्हैया गांव के ईंट भट्ठे से ईंट लेकर मेरठ सप्लाई करने का काम करते हैं। शनिवार सुबह करीब पांच बजे दोनों भाई भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्राॅली में ईंट लादकर मेरठ जा रहे थे। मेरठ करनाल हाइवे पर फुगाना गांव के पास शामली की ओर से पीछे आ रहे रेत से भरे डंपर ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। ट्रैक्टर पलटने से चालक विकास की मौके पर मौत हो गई। उसका भाई कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची फुगाना पुलिस ने गंभीर अवस्था में कन्हैया को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।