देवबंद। तलहेड़ी बुजुर्ग फीडर से जुड़े गांवों में पिछले कई दिनों से बिजली की अघोषित कटौती होने के चलते इस भीषण गर्मी में लोग बुरी तरह बिलबिला उठे हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने की मांग की।
सरकार ने नगर क्षेत्र में 20 घंटे और देहात क्षेत्र में 16 घंटे बिजली के आदेश कर रखे हैं, लेकिन आलम यह है कि 10 मिनट के लिए बिजली आती है और घंटाभर गुल रहती है। तलहेड़ी क्षेत्र में तो बिजली के जर्जर तारों से भी लोग परेशान हैं। क्योंकि जर्जर तार अक्सर टूट पड़ते हैं, जिनके हादसा होने का खतरा बन जाता है। ग्रामीणों ने जर्जर तारों को फौरन बदलवाकर बिजली व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की। वहीं, मिरगपुर फीडर में भी तकनीकी गड़बड़ी होने के चलते घंटों बिजली बाधित रही। हालांकि बुधवार को कर्मचारियों ने गड़बड़ी को दूर कर आपूर्ति सुचारु की। बिजली के गुल होते ही पेयजल आपूर्ति भी ठप हो जाती है। जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। एसडीओ अमित त्यागी ने कहा कि गर्मी में बिजली की मांग बढ़ जाती है। नगर एवं देहात में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली की आपूर्ति की जा रही है।