नशीाले पदार्थ बेचने वालों पर कार्रवाई होगी
मीरापुर। थाना परिसर में बृहस्पतिवार को शांति समिति की आभार बैठक में एसएसपी ने भवन जीर्णोद्धार व विकास कार्य का भी शुभारंभ किया।
मीरापुर थाना परिसर में बृहस्पतिवार को आयोजित शांति समिति की आभार बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि नशा सामाजिक बुराई है, जो पूरे परिवार को तबाह कर देती है। उन्होंने लोगों से नशीले पदार्थ बेचने वाले लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। मेडिकल स्टोर्स पर नशे की दवाइयां बेचने वाले दुकानदारों को भी एसएसपी ने कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने पुलिस व सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को इससे संबंधित जरूरी जानकारियां सोमवार से थाना स्तर पर ही दिए जाने की व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की। एसएसपी ने अयोध्या प्रकरण पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद शांति व्यवस्था बनाए रखने में मिले जनसहयोग के लिए भी लोगों का आभार व्यक्त किया। बैठक के बाद एसएसपी ने थाने के सभी चौकीदारों को कंबल भी वितरित किए। इस दौरान स्कूल के बच्चों ने कप्तान को पौधे भेंट कर उनका अभिनंदन किया। एसपी देहात नेपाल सिंह, सीओ राममोहन शर्मा, रामकुमार सैनी, शैली गांधी, रेनू बेदी, अनीता वत्स, संतोष देवी सभासद, जहीर कुरैशी, नवीन सैनी, नजर सिंह व दिनेश गंगपुरी आदि मौजूद रहे।