चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के कडे़ इंतजाम किए गए है। जिले की सभी दस नगरीय निकाय में मतदान संगीनों के साय में कराया जाएगा। हर बूथ पर सशस्त्र सिपाही समेत छह से लेकर दस तक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। मतदान के दौरान यदि किसी प्रत्याशी ने कोई गड़बड़ी या खुराफात की तो उसे उसकी वोट डलवाने के बाद थानों में बैठा कर नजरबंद कर दिया जाएगा।
नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में रविवार को जिले में मतदान है। चुनाव को शांति पूर्वक कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। जिले को 13 जोन और 41 सेक्टर में बांट कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई गई है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि जनपद पुलिस बल के अलावा शामली, सहारनपुर से भी पुलिस फोर्स बुलाया गया है।
जिनमें तीन डिप्टी एसपी, 25 निरीक्षक, 210 उपनिरीक्षक, 1000 कांस्टेबल और 1200 होमगार्ड शामिल हैं। अर्द्धसैनिक बलों की सात कंपनी भी मतदान में तैनात की गई है, जिसमें पीएसी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ शामिल हैं। उधर, जिन 12 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल किया गया है। उन सभी मतदान केंद्रों पर मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही ड्रोन कैमरों से मतदान की निगरानी की जाएगी।
12 बूथ अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में शामिल
मुजफ्फरनगर और खतौली नगर पालिका के अलावा आठ नगर पंचायत पुरकाजी, चरथावल, सिसौली, शाहपुर, बुढ़ाना, जानसठ, मीरापुर, भोकरहेड़ी में मतदान कराने के लिए 156 मतदान केंद्रों और 549 बूथ बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में 12 अति संवेदनशील प्लस, 71 अति संवेदनशील, 20 संवेदनशील श्रेणी में शामिल किए गए हैं। बाकी 53 मतदान केंद्र सामान्य श्रेणी में रखे गए हैं।
पुलिस बल मुस्तैद, फ्लैग मार्च किया
मुजफ्फरनगर। नगर निकाय चुनाव के मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। गड़बड़ी करने वालों से निपटने और शांति पूर्वक चुनाव कराने के लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। शनिवार को शहर समेत कस्बों में भी अधिकारियों ने पुलिस फोर्स और अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया।
एसएसपी के निर्देश पर सीओ सिटी हरीश भदौरिया और शहर कोतवाल संजीव शर्मा ने शहर में भारी पुलिस फोर्स और अर्द्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया। पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने शहर की छोटी-छोटी गलियों में फ्लैग मार्च के साथ ही मुख्य चौराहों पर रुककर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
सीओ भदौरिया ने वोटरों को निर्देश दिए कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। बताया कि मतदाता को मतदान केंद्र तक मोबाइल ले जाने पर पाबंदी है। इसलिए जब मतदान करने जाए तो मोबाइल को साथ लेकर नहीं जाए। उधर, सीओ नई मंडी राजीव गौतम, नई मंडी इंस्पेक्टर कुशलपाल सिंह ने भी नई मंडी क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया।