चरथावल रोड पर ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में गांव लकड़संधा के पास ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी भेज दिया है। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह लकड़संधा के निकट निर्माणाधीन सड़क पर अचानक बेकाबू होकर तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलट गया। ट्रैक्टर चला रहा युवक अचानक पलटे ट्रैक्टर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पलटे ट्रैक्टर को सीधा कर किसी तरह युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि चालक की पहचान पंजाब प्रांत निवासी हशवंत (37) के रूप में हुई है, जिसके परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। वहीं, शनिवार देर रात रेलवे स्टेशन रोड पर हुए सड़क हादसे में गाजावाली निवासी कार्तिक (14) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से किशोर को पहले मेरठ और फिर वहां से दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।