लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें युवा: धर्मसिंह
मुजफ्फरनगर। प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डॉ धर्म सिंह सैनी ने कहा कि युवा अपने जीवन में सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य बनाकर आगे बढे़ं। छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने में परिजनों का सहयोग महत्वपूर्ण है।
आल इंडिया सैनी सेवा समाज के तत्वावधान में सैनी शिक्षा मिशन की ओर से समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के गाइडेंस के लिए वेबिनार का आयोजन किया गया। श्रीराम कॉलेज के डॉ रविंद्र सिंह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डॉ धर्मसिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान दौर प्रतिस्पर्धा का है। हमें अपने बच्चों की शिक्षा अच्छे स्कूलों में करानी चाहिए। छात्र-छात्राओं को भी लक्ष्य बनाकर शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में अभी भी आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर उतनी तादाद में नहीं हैं, जितनी हमारी आबादी है। हमें अपने युवाओं को रिसर्च के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। जीवन में बड़ी सफलता के लिए दसवीं और बारहवी की पढ़ाई पर फोकस किया जाना जरूरी है। कार्यक्रम को ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलबाग सिंह, बिजनौर के चांदपुर की विधायक कमलेश सैनी, राष्ट्रीय महासचिव संगठन राजकुमार सैनी, प्रदेश अध्यक्ष ओमपाल सैनी, सुभाष सैनी आदि ने विचार रखे।