गंगा बैराज पर डाल्फिन सफारी योजना का जल्द होगा शुभारंभ
मीरापुर। गंगा बैराज पर शीघ्र ही डाल्फिन सफारी योजना का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां वन विभाग द्वारा की जा रही है।
जानसठ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मोहन कुमार बहुखंडी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में डाल्फिन के संरक्षण पर जोर दिया था। सहारनपुर मंडल के कमिश्नर संजय कुमार ने गंगा बैराज डाउन स्ट्रीम पर डाल्फिन सफारी योजना बनानी शुरू कर दी है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डाल्फिन सफारी योजना का आनंद लेने के लिए पर्यटकों के लिए नौका व कैंटीन व प्रतीक्षालय का निर्माण गंगा बैराज के निकट किया जाना प्रस्तावित है। डीएफओ सूरज कुमार के मुताबिक हैदरपुर वेटल़ैंड की तर्ज पर गंगा बैराज डाउन स्ट्रीम पर डाल्फिन सफारी योजना, डब्लूआईआई देहरादून के सौजन्य से बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि गंगा बैराज में डाल्फिन मछलियां पाई गई हैं, जिनका संरक्षण व वंश वृद्धि के लिए कार्य किया जाएगा। बता दें कि वैज्ञानिकों के मुताबिक उस नदी का जल विषाणु मुक्त माना जाता है, जिसमें डाल्फिन मछली पाई जाती हैं। इससे सिद्ध होता है कि हमारे क्षेत्र में बहने वाली गंगा का जल विषाणु मुक्त है। अपनी विशेषता के कारण डाल्फिन मछली राष्ट्रीय जल जंतु घोषित की जा चुकी है।