- योग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को खुद के लिए समय निकालकर योग करना चाहिए। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक रूप से मजबूत बनाता है।
रविवार को होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जडौदा के सभागार में उत्तर प्रदेश योगा एसोसिएशन की ओर से जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, डीआईओएस गजेंद्र कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष हेमंत चौधरी, देवराज चेयरमैन, तेजस मुनि, समृद्धि त्यागी, डॉ. प्रेरणा मित्तल, चंचल सक्सेना, प्रधानाचार्य डॉ. प्रवेंद्र दहिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया।
विभिन्न आयु वर्ग के विजेता आराध्या, अरण्य सिंह, शानवी, उत्सव सैनी, गुनगुन, सक्षम बंसल, वर्णिका, प्रियांक, विदुषी, हर्ष, रक्षिता मलिक, स्वाति शर्मा, अंकुर, वमाक्षी वर्मा, आयुष कुमार, गगन बालियान, सीमा त्यागी, सतकुमार, बेबी सैनी, सुरेंद्र पाल, अन्नु राठी और अनुज शर्मा को अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे डॉ. नितिन कुमार सिंह, डॉ. अरुणेश यादव, रुकमणी भारद्वाज, साफिया बेगम, डॉ. कुलदीप मलिक, डॉ. अमित त्यागी, दिलीप मिश्रा, डॉ. नरेश मलिक, डॉ. निधि बालियान, नीरज गोयल, मनीष चौधरी, जैसमीन मलिक, माया, बालकिशन जलोत्रा और देवेंद्र दहिया को सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि हमारे देश के महर्षियों द्वारा प्राचीन समय से ही योग को महत्व दिया जाता रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को पुर्नजीवित करते हुए योग की अलख जगाई है। राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि स्वस्थ रहना चाहता है, तो उसे प्रात: योग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। संचालन डॉ राजीव कुमार एवं अनिल शास्त्री द्वारा किया गया।