जिलाधिकारी कार्यालय की टूटी छत। संवाद
रविवार को कार्यालय बंद था, हादसा होने से टल गया
- सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम मौके पर पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। कलक्ट्रेट में डीएम ऑफिस से अटैच विश्राम कक्ष की छत गिर गई। दीवारें भी क्षतिग्रस्त हैं। रविवार होने के कारण कार्यालय बंद था और हादसा होने से टल गया। सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप और एसडीएम सदर परमानंद झा मौके पर पहुंचे। 194 साल पहले यह भवन बनाया गया था।
कलक्ट्रेट का भवन 1829 में अंग्रेजों ने बनवाया था। भवन लंबे समय से जर्जर है। पिछले दिनों जो भवन अधिक खराब हो गए थे, उन्हें ठीक कराया गया। डीएम ऑफिस के दोबारा निर्माण के लिए शासन को कई बार पत्र लिखा गया है, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिल पाई।
रविवार को डीएम ऑफिस बंद था। दोपहर के समय उनके विश्राम कक्ष की छत गिर गई। इसी भवन से सटे ऑफिस में प्रतिदिन डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी जनसमस्या सुनते है। डीएम ने बताया कि लोक निर्माण विभाग को डीपीआर तैयार करने के आदेश दिए गए है। सेामवार को यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद शासन के निर्देशों पर अग्रिम प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कलक्ट्रेट निर्माण का प्रस्ताव
एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि जर्जर ईमारतों को बनवाने के प्रस्ताव तो अलग-अलग गए हैं। सम्पूर्ण कलक्ट्रेट के दोबारा बनवाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस पर पहले भी काम हुआ था। इसमें कलक्ट्रेट के समस्त कार्यालय, न्यायालय और अधिवक्ताओं के चैंबर बनाने का प्रस्ताव भी है।