खतौली। कोतवाली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अचानक पहुंचे डीएम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जमीन संबंधित एक मामले में उन्होंने कहा कि जिसके कागज सही होंगे, जमीन उसे ही दिलाई जाएगी। उन्होंने दोनों पक्षों को सोमवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम को अपने अपने कागज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
थाने में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी पहुंचे। उन्होंने वहां पर आए फरियादियों की समस्याओं को सुना। दोनों पक्षों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आप मुझे कागज दो, मैं आपको जमीन दिलाउंगा। जिसके पास सही कागज होंगे, उसे ही जमीन मिलेगी। माहौल खराब करने वालों पर पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं दोनों पक्षों को सोमवार को एसडीएम अपूर्वा यादव के कार्यालय में पहुंचकर अपने अपने कागज दिलाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल तीन शिकायतें आईं जिसमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नही हो सका। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अपूर्वा यादव, तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता सहित राजस्व टीम उपस्थित रही।
- यह था मामला
रसूलपुर जाटान निवासी खड़क सिंह ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी भूमि पर दूसरा पक्ष कब्जा करना चाहता है। विपक्षी का कोई ताल्लुक या वास्ता उक्त भूमि से नहीं है। विपक्षी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उधर, दूसरा पक्ष भूमि को अपनी बता रहा है।