मुजफ्फरनगर में चार्ज लेते डीएम गौरीशंकर प्रियदर्शी।
- फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी गौरीशंकर प्रियदर्शी ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं पर पूरा फोकस रहेगा। जनसमस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर रहेगा। भू-माफिया को चिह्नित कर उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई होगी।
सोमवार शाम सवा चार बजे सीधे ट्रेजरी पहुंचे गौरीशंकर प्रियदर्शी ने सीडीओ अंकित अग्रवाल से कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद, पत्रकार वार्ता में डीएम ने कहा कि अब तक जो अनुभव प्राप्त किया है, उसका लाभ इस जनपद को पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
किसानों की समस्याओं का समय से निराकरण होगा। विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। शासन की प्राथमिकताओं को महत्व दिया जाएगा। जनपद में भूमाफिया के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इस अवसर पर सीडीओ अंकित अग्रवाल, एडीएम प्रशासन मनोज कुमार, एडीएम वित्त सुनील सिंह, एसडीएम रेनू सिंह, अवधेश चौहान आदि मौजूद रहे।