मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने एक बाल अपचारी सहित दो चोरों को पकड़कर सरिया-सीमेंट की दुकान में चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरों से नकदी और एलइडी बरामद की है। एक आरोपी इस मामले में फरार है।
एसएसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि 12 अगस्त की रात में जानसठ रोड पर सजल अग्रवाल की दुकान में चोरी हुई थी। इस मामले में नई मंडी पुलिस ने मुरलीपुर गुलाब, कंकरखेडा मेरठ निवासी कुलदीप व उसके एक बाल अपचारी साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों खानाबदोश है, वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ शहर के साईंधाम मंदिर के पास रह रहे थे। उन्हें रेलवे के माल गोदाम के पास घूमते हुए पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों का तीसरा साथी भी खानाबदोश बाल अपचारी है, जिसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से 4,00,500 रुपये नकद व दो एलइडी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, व्यापारी ने दो एलइडी व सात लाख रुपये चोरी होना बताया था। लेकिन बाद में हिसाब में यह रकम 4.70 लाख रुपये निकली थी। चोरी करने के बाद दोनों आरोपी सहारनपुर व हरिद्वार भाग गए थे।