संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। बरसात का मौसम पेट की बीमारियां लेकर आया है। शहर सहित देहात क्षेत्र में डायरिया के रोगियों में बढ़ोतरी हुई है। टाइफाइड बुखार और पेट संबंधी अन्य बीमारियों से पीड़ित रोगियों की संख्या भी बढ़ी है। रविवार को जनपद के 50 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। जहां 2673 रोगियों ने चिकित्सकों से उपचार कराया।
सावन का महीना चल रहा है। बरसात के दौरान लोगों को उल्टी-दस्त परेशान कर रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक बासी खाना और दूषित पानी पीने से डायरिया सहित पेट संबंधी विभिन्न रोग लोगों को जकड़ रहे हैं।
बरसात का पानी जमा होने से मच्छर जनित रोगों के फैलने का भी खतरा पैदा हो गया है। जबकि नमी के कारण फंगल इंफेक्शन और खुजली जैसे त्वचा रोग होने की आशंका है।
रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में 1102 पुरुष, 978 महिला और 603 बच्चों ने चिकित्सकों से उपचार लिया। इस दौरान 800 से अधिक लोग पेट और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित पाए गए।
सीएमओ डॉ.सुनील तेवतिया ने कहा कि बरसात के दिनों में लोगो को चाहिए कि वे अपने आसपास पानी न जमा होने दें। ताजा भोजन करें और बासी चीजें न खाएं। सफाई का विशेष ध्यान रखें।