ट्रॉफी के साथ धीराहेड़ी की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
ककराला में सर्वजन कबड्डी प्रतियोगिता में शुक्रवार को फाइनल मुकाबला हुआ। धीराहेड़ी क्लब ने तेजलहेड़ा क्लब को पराजित कर शील्ड पर कब्जा जमाया। कस्बा मोरना के गांव ककराला में तीन दिवसीय सर्वजन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
जिसमें कई टीमों ने हिस्सा लिया और खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर वाहवाही बटोरी। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भोकरहेड़ी ने ककराला, बसेड़ा ने ककरौली, भोकरहेड़ी ए ने वासू क्लब बसेड़ा को हराया। सेमीफाइनल मुकाबले में धीराहेड़ी ने 24 -11 से ठन्हेड़ा को और तेजलहेड़ा ने 21-10 से बसेडा को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि जिला कुश्ती संघ सचिव अमित राठी, बसपा नेता अमली खां, एसएसआई भोपा हरलाल सिंह, सब इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह, इश्तयाक अहमद, प्रधान बहरोज ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
मैच रैफरी ओमबीर सिंह और हरेंद्र ने फाइनल मैच कराया। धीराहेड़ी क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन किया। एकतरफा मुकाबले में तेजलहेड़ा की टीम को 23-7 से करारी मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
प्रतियोगिता संयोजक मनोज ठाकरान और साजिद अली ने उप विजेता टीम को 11 हजार और विजेता टीम को 21 हजार की नकद पुरस्कार धनराशि व शील्ड देकर सम्मानित किया। इस्लाम सलमानी, बिट्टू, बादल, आदि का सहयेाग रहा।