धनतेरस आज है और बाजारों ने इस त्योहार पर अपनी पूरी तैयारी कर ली है। इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, बर्तन और सराफा बाजार सज गए हैं। धनतेरस पर इस बार अनुमानित 500 करोड़ से भी ज्यादा का कारोबार होने की संभावना है। व्यापारी वर्ग इस धनवर्षा को समेटने के लिए बाजार पूरी तरह तैयार हैं। डिमांड के अनुसार बाजार में सामान की उपलब्धता है।
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में आया बूम
धनतेरस और दिवाली पर इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम का बहुत बड़ा कारोबार होता है। धनतेरस पर लोग नए फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेव आदि घर ले जाना चाहते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम से शोरूम भरे हुए हैं। लक्ष्मी इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक कमल अग्रवाल बताते हैं कि टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन आदि के लगभग सभी कंपनियों ने नए मॉडल उतारे हैं। सेखरी इलेक्ट्रॉनिक्स पर दीपावली स्पेशल डिस्काउंट चल रहा है। दस प्रतिशत तक कैशबैक दिया जा रहा है।
शिवालिक एंटरप्राइजेज पर फ्रिज और वाशिंग मशीन पर 25 प्रतिशत तक बचत का आफर है। गोयल एजेंसीज कोर्ट रोड पर इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम की खरीद पर निश्चित उपहार की घोषणा की गई है। अलका आटो एसोसिएट्स के मालिक अनुराग संघल का कहना है कि धनतेरस पर बाजार में बिक्री चरम पर होगी। विभिन्न कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट्स पर स्कीम लांच की हैं। कुछ कंपनियां कैश बैक दे रही हैं तो कुछ ने गारंटी-वारंटी में इजाफा किया है। कंपनियां प्राइस डिस्काउंट भी दे रही हैं।
बर्तन बाजार में बढ़ी खनक
धनतेरस में नए बर्तन खरीदने की परंपरा है। स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन से बाजार सजा है। महिलाओं की कोशिश होती है कि रसोई से जुड़ा कोई न कोई बर्तन धनतेरस पर घर लेकर जरूर आएं। नई मंडी में बर्तन विक्रेता मनोज कुमार बताते हैं कि बाजार में स्टील, पीतल, तांबे के नए डिजाइन के बर्तन उपलब्ध हैं। स्टील के बर्तन वजन और वैरायटी के हिसाब से हैं। 200 से 250 रुपये, पीतल पांच सौ रुपये प्रति किलो, तांबे के जग 400 से 500 रुपये पीस हैं। बर्तन विक्रेता मोहित राज बताते हैं कि पूजा की थाली, दीप, अगरबत्ती स्टैंड, बर्तन स्टैंड कई तरह के हैं। गैस चूल्हा, प्रेशर कुकर भी अलग-अलग कंपनियों और डिजाइन के हैं।
आसमान पर पहुंचा ऑटोमोबाइल बाजार
धनतेरस पर लोग नया वाहन घर लाना पसंद करते हैं। इसके लिए पहले से ही बुकिंग करा लेते हैं और धनतेरस पर घर लेकर आते है। टीवीएस शोरूम के संचालक राजेंद्र कुमार बताते हैं कि धनतेरस के लिए करीब 200 स्कूटर और बाइक की बुकिंग हुई है। वाहन के साथ सुरक्षा कवर और हेलमेट का आफर है। सुजुकी शोरूम के संचालक आदित्य बताते हैं कि करीब 50 स्कूटी और बाइक बुक हैं। उधर, हीरो टूव्हीलर्स की भी खूब बुकिंग हुई है। महिंद्रा फोर व्हीलर के विनय बताते हैं कि धनतेरस पर 30 गाड़ियों की डिलीवरी दी जानी है। मराजो, टीयूवी, केयूवी, स्कार्पियो और बोलेरो गाड़ियों की इस बार जबरदस्त डिमांड है।
सराफा बाजार की होगी चांदी
मुजफ्फरनगर। धनतेरस पर सराफा बाजार में भी खूब रौनक रहेगी। इस दिन सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। वर्तमान में सोने का भाव 32 हजार से लेकर 32600 रुपये प्रति दस ग्राम तक चल रहा है। सराफा कारोबारी प्रशांत गोयल बताते हैं कि धनतेरस पर लोग सोने-चांदी की खरीदारी करते हैं। आभूषणों के साथ ही चांदी और सोने के सिक्के भी खरीदे जाते हैं। इस बार लक्ष्मी-गणेशजी के नए एवं पुराने चांदी के सिक्के भी उपलब्ध हैं।
चांदी के लक्ष्मी-गणेश को किया जा रहा ज्यादा पसंद
मुजफ्फरनगर। सराफा बाजार में इस बार लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्तियों की भी काफी डिमांड है। सर्राफा एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि सरकारी मुहर लगे चांदी के सिक्के 550 रुपये की रेंज में उपलब्ध हैं। इसके साथ ही चांदी की मूर्तियां भी 400 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक की रेंज में हैं। इन मूर्तियों को काफी पसंद किया जा रहा है।