संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। नेशनल हाईवे पर नोएडा डिपो के बस चालक व परिचालक ने ढाबा संचालक और उसके साथियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नोएडा डिपो के चालक कपिल शर्मा तथा परिचालक सनी कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार को वह बस नोएडा से हरिद्वार लेकर जा रहे थे। नेशनल हाईवे बाइपास पर बस के टायर में पंक्चर हो गया। जिसे ठीक कराने के बाद वह जब बस को हाईवे कट से मोड रहे थे तो ढाबा संचालक ने बस को मोड़ने का विरोध किया। ढाबा संचालक ने कहा कि यह कट हमारा है। इस कट से बस को नहीं मोड़ने देंगे।
आरोप है कि इस बात को लेकर ढाबा संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर चालक कपिल शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक को बचाने आए परिचालक सनी के साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मारपीट के दौरान परिचालक कोे निगम से मिला बैग फट गया। इसमें रखे कुछ नोट भी गिर गए। इतना ही नहीं टिकट बनाने की मशीन और मोबाइल भी टूट गया।
आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस के सामने भी उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने घायल परिचालक का सीएचसी में उपचार कराया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर पर मिली है। पुलिस टीम जांच पड़ताल कर रही है।