गांव कुटवा का देवेंद्र हत्याकांड : चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, दो गिरफ्तार
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव कुटबा में किसान की हत्या के मामले में उसकी पत्नी ने आरोपी भतीजे सहित चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों सुलभ उर्फ मोनू और सोहनवीर उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तमंचे भी बरामद कर लिए हैं। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव कुटबा में मंगलवार को खेत पर पानी चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार सुबह किसान देवेंद्र की उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में किसान की पत्नी नीलम ने गांव के ही पारिवारिक भतीजे सुलभ उर्फ मोनू, शुभम उर्फ सोनू, सोहनवीर उर्फ सोनू व अक्षय उर्फ पोंटी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भतीजे सुलभ उर्फ मोनू और सोहनवीर उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो तमंचे-कारतूस भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। सीओ ने बताया कि अन्य दोनों आरोपियों शुभम उर्फ सोनू व अक्षय उर्फ पोंटी के गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।