देवर और देवरानी पर मारपीट का आरोप
ककरौली। गांव गंगदासपुर की एक महिला ने अपने देवर और देवरानी पर मारपीट करने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि दो साल पहले उसके पति ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में उसने थाने में शिकायत की है।
पीड़िता रीना ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले उसके पति छोटू ने गृह क्लेश के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। जिसमें उसके ससुराल वालों ने रीना पर दबाव बनाकर बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। जिसके कुछ समय बाद ही रीना को गांव के जिम्मेदार लोगों ने उसके जेठ आदेश के साथ बच्चों सहित बैठा दिया था। महिला ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं जिसमें सबसे बड़ी बेटी सीवी (13), हनी (11) व एक छोटा बेटा अर्षव (9) है। आरोप है कि आए दिन उसका देवर व देवरानी उसके साथ व बच्चों के साथ मारपीट करते हैं, और उसके दूसरे पति आदेश के हिस्से के मकान नहीं देने की बात कहकर मकान पर कब्जा करके महिला को बच्चों सहित घर से बाहर निकालने का दबाव बनाते हैं।
बुधवार सुबह को वह अपने पति के साथ खेत पर चारा लेने गई थी। जहां पर देवर और देवरानी ने पहुंचकर दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। आसपास खेतों पर काम कर रहे लोगों ने उन्हें बचाया। आरोप है कि देवर व देवरानी ने उन्हें बच्चों सहित हत्या करने की धमकी दी है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर रोते बिलखते हुए खुद की और अपने पति व बच्चों की जान को खतरा बताते हुए थानाध्यक्ष से आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है।