आज आएंगे डिप्टी सीएम, व्यवस्थाओं में जुटा स्वास्थ्य विभाग
मुजफ्फरनगर। सूबे के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक सोमवार को जिले का दौरा करेंगे। रविवार को छुट्टी के बावजूद स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में कर्मचारी अस्पताल को चकाचक बनाने में जुटे रहे। अस्पताल परिसर में जगह-जगह साफ-सफाई और वॉल पेटिंग का कार्य किया गया।
जिला चिकित्सालय के हर वार्ड में सफाई कर्मचारी धुलाई करते नजर आए। पूरे अस्पताल परिसर में चूना डाला गया। वार्डों में दिशा-निर्देश हेतु वॉल पेटिंग द्वारा स्लोगन लिखे गए। सभी जगह साफ-सफाई का काम जारी रहा। अस्पताल में लगे वाटर कूलरों को साफ करने का काम किया गया। सभी डस्टबीन को खाली कर उनमें भरे कूड़े को नगर पालिका की गाड़ी से उठवाया गया।
स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक करीब 10 बजे जिले में आगमन हो जाएगा। इसके बाद वह सबसे पहले जिला चिकित्सालय पहुंचकर उसका निरीक्षण करेंगे। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला के आवास पर कार्यकार्ताओं के साथ भेंट करेंगे। उसके बाद वहलना जैन मंदिर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।