गमगीन माहौल में हुआ डॉ. अंकित का अंतिम संस्कार
पुरकाजी। गांव हरेटी निवासी अंकित राठी का बीमारी के कारण 25 सितंबर को साउथ कोरिया में निधन हो गया था। रविवार सुबह उनका शव गांव में पहुंचा तो परिवार में शोक छा गया। गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट पर ही उनका अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्र के गांव हरेटी निवासी 28 वर्षीय डॉ. अंकित राठी सात माह से अपनी पत्नी के साथ साउथ कोरिया में रह रहे थे। वहां पर एक यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर के पद पर उनकी नौकरी लग गई थी। वह पढ़ाई के साथ नौकरी भी कर रहे थे। चार सितंबर को वह दो सप्ताह के लिए यूनिवर्सिटी की तरफ से एक टूर पर गए थे। टूर से आने के बाद तबियत खराब हो जाने पर उनका वहीं पर उपचार कराया गया था। तबियत में सुधार नहीं होने पर 25 सितंबर को उनकी मौत हो गई थी। उनके परिजन 27 सितंबर को उसका शव लेने के लिए साउथ कोरिया गए थे।
रविवार सवेरे करीब छह बजे अंकित राठी का शव गांव हरेटी पहुंचा। गांव के श्मशान घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शव यात्रा में पुरकाजी लोकदल विधायक अनिल कुमार, भाकियू मंडल अध्यक्ष नवीन राठी, लोकदल नेता धर्मेंद्र राठी, गोल्डी राठी, प्रधान रविंद्र चौधरी, विवेक राठी, राठी खाप थांबेदार सुरेंद्र राठी, बिट्टू राठी, निशांत राठी आदि मौजूद रहे।